Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:इंस्टाग्राम के प्रेमी संग दो बच्चों को लेकर फरार हुई महिला, ससुराल पर हत्या का आरोप लगने के बाद खुला पूरा मामला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, December 7, 2025

SAHARSA:इंस्टाग्राम के प्रेमी संग दो बच्चों को लेकर फरार हुई महिला, ससुराल पर हत्या का आरोप लगने के बाद खुला पूरा मामला

हेडलाइन:
इंस्टाग्राम के प्रेमी संग दो बच्चों को लेकर फरार हुई महिला, ससुराल पर हत्या का आरोप लगने के बाद खुला पूरा मामला
सहरसा। बनगांव थाना क्षेत्र के बरियाही कमलपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। श्रवन मुखिया की पत्नी सावो देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर महिला को मारकर गायब करने का आरोप लगाकर नवहट्टा थाना में शिकायत दे दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरियाही कमलपुर निवासी श्रवन मुखिया करीब आठ माह पहले मजदूरी करने मुंबई गया था। इस बीच उसकी पत्नी सावो देवी घर पर इंस्टाग्राम चलाते हुए छपरा निवासी शिबू राम के संपर्क में आई और उससे प्रेम संबंध बना बैठी। पंद्रह दिन पहले वह मायके जाने का बहाना बनाकर दोनों बच्चों को लेकर प्रेमी संग फरार हो गई।

15 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चे भी हैं
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नवहट्टा थाना क्षेत्र के गोरपाड़ निवासी बैठू मुखिया की पुत्री सावो देवी की शादी 15 वर्ष पूर्व बरियाही कमलपुर निवासी सुरेंद्र मुखिया के पुत्र श्रवन मुखिया से हुई थी। दंपति के सात वर्ष और डेढ़ वर्ष के दो पुत्र हैं।

मायके वालों ने लगाया ससुराल पर हत्या का आरोप
सावो देवी के मायके पक्ष ने जब इसकी जानकारी ससुराल वालों से मांगी तो उनका कहना था कि वह मायके नहीं पहुंची। इसके बाद मायके पक्ष ने नवहट्टा पुलिस से शिकायत कर दी कि ससुराल पक्ष ने सावो देवी को मारकर गायब कर दिया है।

शिकायत मिलते ही बनगांव पुलिस ने सुरेंद्र मुखिया को थाना बुलाया और महिला की बरामदगी के लिए दबाव बनाया। इसी दौरान श्रवन मुखिया को सूचना मिली कि उसकी पत्नी छपरा में प्रेमी शिबू राम के घर पर है।

छपरा पहुंचने पर पहले भगा दिया, फिर पुलिस की मदद से बरामद
जब बच्चों के दादा-दादी और ससुर शिबू राम के घर पहुंचे तो पहले उन्हें वहां से भगा दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों की सलाह पर फुलवरिया पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की कार्रवाई में सावो देवी और दोनों बच्चों को थाने लाया गया, जहां उसने अपने सास-ससुर को पहचानने से भी इनकार कर दिया।

लोन विवाद भी आया सामने
श्रवन मुखिया ने बताया कि उसकी पत्नी सावो देवी ने विभिन्न लोन कंपनियों से करीब 5 लाख रुपये का लोन लिया था। जब उसने मायके जाकर इस बारे में पूछा तो उसके साथ मारपीट भी की गई। वह घर के खर्च के लिए मुंबई मजदूरी करने गया था, तभी पत्नी इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी के साथ भाग गई।

पुलिस ने कहा—जांच के बाद कार्रवाई होगी
इस संबंध में थानाध्यक्ष हरीशचंद्र ठाकुर ने कहा कि यदि महिला की गुमशुदगी या अन्य किसी प्रकार का आवेदन दिया गया होगा, तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।