Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा के युवक से रचाई शादी, जापान से ससुराल देखने पहुंची मारिया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, December 18, 2025

MADHEPURA:मधेपुरा के युवक से रचाई शादी, जापान से ससुराल देखने पहुंची मारिया

पुरैनी (मधेपुरा)। पुरैनी प्रखंड की कुरसंडी पंचायत अंतर्गत रौता गांव निवासी आईआईटीयन राहुल कुमार को जापान में जीवनसाथी मिली। जापान की राजधानी टोक्यो की रहने वाली मारिया से उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और फिर दोनों ने शादी का फैसला किया।

राहुल कुमार वर्ष 2020 से जापान में रह रहे हैं और वहां सीनियर एएल ऑटोमेटिक डिवीजन में होंडा कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मारिया से हुई, जो टोक्यो की निवासी हैं और ओवरसीज डिपार्टमेंट तोशीघिया लिमिटेड जापान में ग्लोबल सेल्स मैनेजर के रूप में कार्य करती हैं। दोस्ती के बाद दोनों के रिश्ते गहरे हुए और परिजनों की सहमति से गत नवंबर में टोक्यो में सादे समारोह में विवाह संपन्न हुआ।

शादी के बाद जब मारिया ने ससुराल देखने की इच्छा जताई तो राहुल उन्हें लेकर सोमवार को अपने पैतृक गांव रौता पहुंचे। गांव पहुंचने पर मारिया ने सभी से “हेलो जी” कहकर अभिवादन किया, जिससे ग्रामीण खासे प्रभावित नजर आए। मारिया अंग्रेजी और जापानी भाषा में संवाद करती हैं।

राहुल कुमार, कुरसंडी पंचायत के रौता निवासी सुदिष्ट कुमार यादव के पुत्र हैं। उनकी माता का नाम कल्पना यादव है। सुदिष्ट कुमार यादव वर्तमान में दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट में कार्यरत हैं और वहीं निवास करते हैं, हालांकि उनका पैतृक जुड़ाव गांव से बना हुआ है।

राहुल का जन्म दिल्ली में हुआ और प्रारंभिक शिक्षा भी वहीं से प्राप्त की। बाद में उन्होंने आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। कॉलेज प्लेसमेंट के माध्यम से उन्हें जापान में नौकरी मिली, जहां वे वर्तमान में होंडा कंपनी के ऑटोमेटिक डिवीजन में सेवाएं दे रहे हैं।