हेडलाइन :
घैलाढ़ में प्रखंड स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन, जैविक खेती व कृषि योजनाओं की दी गई जानकारी
कोशी लाइव/राजेश कुमार पप्पू की रिपोर्ट
घैलाढ़ (मधेपुरा)। घैलाढ़ प्रखंड के झिटकिया पंचायत स्थित पंचायत भवन में प्रखंड स्तरीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसान शामिल हुए। गोष्ठी का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया ने की।
इस अवसर पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी मधेपुरा कुंदन कुमार, उप परियोजना निदेशक रंजीत कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी पूजा कुमारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक गिरीश नंदन, कृषि समन्वयक घैलाढ़ आशीष कुमार, पूर्व मुखिया अशोक कुमार, चंद्रशेखर कुमार सहित सभी सलाहकार एवं कृषि कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने किसानों को जैविक खेती अपनाने, मिट्टी जांच के महत्व, बीज टीकाकरण, आधुनिक कृषि यंत्रीकरण तथा आत्मा योजना समेत कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर किसान अपनी उपज बढ़ाने के साथ-साथ लागत भी कम कर सकते हैं।
गोष्ठी में किसानों की समस्याओं को भी सुना गया और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया। अंत में किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक तकनीक को अपनाने की अपील की गई।