Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार में सनसनी: नीतीश कुमार की पार्टी के नेता की गोलियों से भूनकर हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, December 10, 2025

BIHAR:बिहार में सनसनी: नीतीश कुमार की पार्टी के नेता की गोलियों से भूनकर हत्या

Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय जिले में जदयू नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. वारदात छौड़ाही थाना क्षेत्र के पीरनगर वार्ड नंबर-10 में हुई, जहां 37 वर्षीय नीलेश कुमार पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली उनकी छाती, गर्दन और आंख के पास लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक गोली की आवाज सुनते ही घर वाले दौड़े, लेकिन लगभग 9 बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए.

...

रात में खाना खाकर बथान में सोने गए थे नीलेश

मृतक नीलेश कुमार जदयू के पंचायत अध्यक्ष रह चुके थे और हाल ही में विधानसभा चुनावों में काफी एक्टिव थे. परिवार ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात में खाना खाकर मवेशी के बथान में सोने गए थे. उसी दौरान आधी रात को छह से अधिक बदमाश पहुंचे और उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

एक युवक को हिरासत में लेकर की जा रही है पूछताछ

सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी और छौड़ाही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि एफएसएल टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया.

मृतक के पिता ने क्या कहा?

मृतक के पिता रामबली महतो ने बताया कि वारदात के समय गांव के ही बृजेश कुमार और जयप्रकाश महतो सहित अन्य लोग हथियार लहराते हुए भागते देखे गए. उन्होंने यह भी कहा कि हालांकि हाल में कोई विवाद नहीं था, लेकिन कुछ साल पहले जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था.

एसपी मनीष ने क्या बताया?

बेगूसराय एसपी मनीष ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है. 2019 में दोनों पक्षों ने इस मामले को लेकर प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी. उन्होंने कहा कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और पुलिस टीम अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरे मामले को कई एंगल से जांच रही है.