Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:थाने के चक्कर खत्म! बिहार पुलिस ने लॉन्च किया सिटीजन पोर्टल, FIR से जांच तक सब डिजिटल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, December 7, 2025

BIHAR:थाने के चक्कर खत्म! बिहार पुलिस ने लॉन्च किया सिटीजन पोर्टल, FIR से जांच तक सब डिजिटल

बिहार के गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद सम्राट चौधरी पूरी तरह से एक्शन में हैं। 'रोमियो' के खिलाफ 'अभया ब्रिगेड' के गठन के बाद अब उन्होंने नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

केस दर्ज होने से लेकर अनुसंधान तक की जानकारी अब ऑनलाइन


सम्राट चौधरी ने शनिवार को सिटीजन सर्विस पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल के सक्रिय होते ही, थानों में अधिकारियों की मनमानी पर लगाम लगेगी, क्योंकि केस दर्ज होने से लेकर अनुसंधान तक की सभी जानकारी अब ऑनलाइन उपलब्ध होगी। यह पहल पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता बढ़ाएगी और उनकी लापरवाही को नियंत्रित करेगी। भविष्य में इस पोर्टल से और भी कई नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी ताकि नागरिक बिना थाने जाए ही सभी सेवाओं का लाभ उठा सकें।

पोर्टल पर मिलेगी ये प्रमुख सुविधाएं


बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इस नए पोर्टल से पुलिस सेवाओं के लिए अब लोगों की थाने पर निर्भरता काफी कम हो जाएगी। बिहार के नागरिक अब कई सेवाएं घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। वहीं अब सत्यापन के लिए थाने जाने की आवश्यकता नहीं होगी। ई-शिकायत दर्ज की सुविधा मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही, उसे तुरंत संबंधित थाने को भेजा जाएगा। थाने स्तर पर प्रारंभिक जांच के बाद, यदि मामला सही पाया जाता है, तो एफआईआर भी ऑनलाइन दर्ज की जा सकेगी, जिससे शिकायतों की सत्यता सुनिश्चित होगी।


अब थानों में मनमानी नहीं चलेगी


इस अवसर पर गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य है कि पुलिस से जुड़ी हर जरूरी सुविधा और सेवा लोगों के घर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोगों को पुलिस सत्यापन, शिकायत या खोया-पाया की जानकारी के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हर प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी होगी, जिस पर सरकार की सीधी नजर रहेगी। जबकि शिकायतकर्ता वास्तविक समय में अपने आवेदन का स्टेटस देख पाएंगे, जिससे उनका समय, ऊर्जा और पैसा तीनों की बचत होगी।