पटना। बिहार के नये गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पद संभालते ही अपराध के खिलाफ सरकार की सख्त रणनीति का खुलासा किया है। उन्होंने साफ कहा कि अब बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। गुंडा बैंक, सूदखोरी और माफियागिरी पर निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। सूद पर मनमाना ब्याज वसूली बंद होगी और जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज होंगे, उन पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। तीन से छह महीने के भीतर फैसला होगा और दोषी पाए जाने वाले अपराधी सीधे जेल जाएंगे।
माफियाओं को चुन-चुनकर जेल भेजेंगे
गृह मंत्रालय मिलने के बाद पूछे गए सवालों के जवाब में सम्राट चौधरी ने कहा कि गृह मंत्रालय का कोई हाय-तौबा नहीं है। बिहार में पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुशासन था और आज भी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का अधूरा काम पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ही सभी विभागों के मालिक होते हैं और उन्होंने मुझे गृह मंत्री के तौर पर काम करने का दायित्व दिया है। अब माफियाओं को चुन-चुनकर जेल में बंद किया जाएगा।
यूपी मॉडल पर क्या बोले सम्राट चौधरी
बुलडोजर एक्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार का सुशासन है। मुख्यमंत्री की सहमति के बिना एक पत्ता भी नहीं हिल सकता। किसी के खिलाफ अगर बुलडोजर चलता है तो वह पूरी तरह कोर्ट के आदेश पर होता है और सरकार उसमें सहयोग करती है। यूपी मॉडल से तुलना पर उन्होंने कहा कि वहां बाबा हैं, ब्रह्मचारी हैं, संत हैं, जबकि मैं एक राजनीतिक कार्यकर्ता हूं। बिहार में मोदी–नीतीश मॉडल ही चलेगा।
आम जनता को दिलाया भरोसा
सम्राट चौधरी ने आम लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनता ने सरकार पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की जा रही है। स्कूलों और कॉलेजों की सुरक्षा प्राथमिकता है। जेलों के अंदर लगातार छापेमारी हो रही है, क्योंकि ज्यादातर अपराध जेल से ही संचालित हो रहे हैं। पूरे सिस्टम की सीसीटीवी के जरिए मॉनिटरिंग कराई जाएगी। साथ ही गांवों में एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
गृह मंत्री के इन बयानों से साफ है कि आने वाले दिनों में बिहार में अपराध, सूदखोरी और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई और तेज होने वाली है।