मधेपुरा: ज्वेलरी व्यवसायी को लूटपाट के दौरान गोली, 1.8 किलो चांदी लूटकर बदमाश फरार; पुलिस छापेमारी में जुटी
मधेपुरा जिला के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मधेपुरा–पूर्णिया मुख्य मार्ग NH-107 पर बेलदौर नहर के पास सोना-चांदी के व्यवसायी नवल किशोर स्वर्णकार (55) को लूटपाट के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
कैसे हुआ हमला?
जानकारी के अनुसार, घायल नवल किशोर स्वर्णकार जीतापुर में आभूषण की दुकान चलाते हैं। मंगलवार शाम दुकान बंद कर वे अपने बेटे कुंदन स्वर्णकार के साथ सीएनजी ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार हथियारबंद तीन अपराधियों ने ऑटो को ओवरटेक कर रुकवा लिया।
अपराधियों ने उनसे 1 किलो 800 ग्राम चांदी के जेवरात से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे नवल किशोर के बाएं हाथ में गोली लग गई।
घायल को अस्पताल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग घायल व्यवसायी को उठाकर मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉ. जितेंद्र कुमार जितेश ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस सक्रिय, छापेमारी तेज
सूचना मिलते ही मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कहा कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी चल रही है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद क्षेत्र में गस्ती बढ़ाने और NH-107 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।