Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Election:बिहार में चुनाव प्रचार पर निकले कांग्रेस नेता का मिला शव, टूटे हुए थे दांत; हत्या की आशंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 2, 2025

Bihar Election:बिहार में चुनाव प्रचार पर निकले कांग्रेस नेता का मिला शव, टूटे हुए थे दांत; हत्या की आशंका

नौहट्टा (रोहतास)। थाना क्षेत्र के करमडीहा गांव के उत्तर सड़क किनारे पानी के गड्ढे में कांग्रेस नेता टरपा निवासी वीर कमलेश सिंह 63 वर्ष का शव रविवार की सुबह बरामद हुआ।
सिर सड़क किनारे पानी में था। भौंह के पास से खून निकला था तथा दांत टूटा हुआ था। हत्या की आशंका को लेकर पुलिस को सूचना दी गई।

इसके बाद जब तक थानाध्यक्ष दीवाकर कुमार पहुंचते, तब तक ग्रामीण शव को निकालकर सड़क पर रख दिए थे। थानाध्यक्ष ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया।

बताया जाता है कि शनिवार की देर शाम वे कांग्रेस पार्टी के पर्चा के साथ बैजलपुर की ओर गए थे। उन्हें घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित पुलिया के पास करीब सात बजे शाम बैठे देखा गया था।

रात में वीर कमलेश घर नहीं लौटे थे। सुबह में उनका शव करमडीहा गांव के उत्तर में देखा गया। एसडीपीओ टू वंदना मिश्र को स्वजनों ने बताया कि वीर कमलेश से किसी की दुश्मनी नहीं थी। वे नशा का सेवन भी करते थे तथा कभी कभार घर पर रात में भी नहीं लौटते थे।

चुनाव का समय चल रहा है, जिसके कारण रात में उनकी खोजबीन नहीं की गई। एसडीपीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहना संभव है।

ग्रामीणों के अनुसार वीर कमलेश कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता थे तथा आत्मा व कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष भी रह चुके थे। पिछले दिनों कांग्रेस की बैठक में कहा था कि जिला में 10 हजार से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूह द्वारा बिना घूस के लोन दिलाए थे। वीर कमलेश की मृत्यु से टीपा गांव सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मातमी माहौल छा गया है।