मोकामा में चुनावी हिंसा: जन सुराज कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, गाड़ी से कुचलने के बाद मौके पर मौत
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात — परिजनों ने जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह पर लगाया आरोप
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार शाम बड़ी वारदात हुई। जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की प्रचार के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बसावन चक गांव की है, जहां जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में कार्यकर्ता प्रचार कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, दुलारचंद यादव अपने समर्थकों के साथ जब गांव में प्रचार कर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद हमलावरों ने अपनी गाड़ी से उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी गाड़ी पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही पटना एएसपी, डीएसपी और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतक के परिजनों ने इस हत्या के लिए जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मौत गाड़ी से कुचलने से हुई प्रतीत होती है, जबकि पैर में गोली लगने के निशान भी मिले हैं। एसएसएल की टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।
आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि एएसपी को मौके पर भेजा गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
गयाजी में भी हुआ था हमला
इससे पहले बुधवार को गया जिले के गयाजी में भी हिंसक घटना हुई थी। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के नेता अनिल कुमार, जो टेकारी विधानसभा क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं, और उनके समर्थकों पर विरोधियों ने हमला किया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से चुनावी माहौल में तनाव बढ़ गया है, जबकि पुलिस ने सभी घटनाओं की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।