Bihar News: भागलपुर के पुलिस जिला नवगछिया में प्रेम-प्रसंग के बाद पनपे विवाद ने युवक की जिंदगी खत्म कर दी. टाउन थाना क्षेत्र का यह मामला है. होमगार्ड जवान के बेटे की मौत जहर खाने से हो गयी. युवक ने दम टूटने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेवार प्रेमिका और उसके परिजनों को बताया है.
जहर से हुई छोटू की मौत, वीडियो भी रिकॉर्ड किया
होमगार्ड जवान विवेकानंद चौधरी के बेटे आनंद कुमार उर्फ छोटू की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हुई है. परिजनों का आरोप है कि छोटू की प्रेमिका और उसके परिजनों ने जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. छोटू ने मौत से पहले कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे. प्रेमिका के घर में यह वीडियो रिकॉर्ड हुआ है. जिसमें छोटू ने जहर खिलाने की बात बतायी है, वह यह कहता दिख रहा कि थोड़ी देर में उसकी मौत हो जाएगी. लड़की और उसके परिजनों को उसने इसका जिम्मेवार बताया है. वह कह रहा है कि उसे जहर खिला दिया गया.
दोनों ने शादी कर ली थी, लड़की वालों को रिश्ता नहीं था मंजूर
जानकारी के अनुसार, छोटू की प्रेमिका हाजीपुर की है जो अपने परिवार के साथ नवगछिया में किराये के मकान में रहती है. आनंद भी अपनी बहन के घर में इसी कॉलोनी में रहता था. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. पिछले पांच साल से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था. आनंद ने प्रेमिका से शादी भी कर ली थी. इसकी तस्वीर वायरल हो रही है. लेकिन लड़की के घरवालों ने रिश्ते से इंकार कर दिया.
तीन महीने पहले थाना परिसर में भी हुआ था पैसे का विवाद
विवाद पांच लाख रुपए से जुड़ा भी बताया जा रहा. छोटू के पिता का दावा है कि उनके बेटे ने अपनी प्रेमिका को ये पैसे दिए थे. इस पैसे की जरूरत तब हुई जब घर बनाने के लिए पैसे घट गए. नवगछिया टाउन थाना परिसर में भी इसे लेकर तीन महीने पहले दोनों में विवाद हुआ था. सोमवार को जब आनंद अपनी प्रेमिका के घर गया तो उसे जहर पिला दिया गया, ऐसा आरोप मृतक के पिता का है.
(नवगछिया से अंजनी कुमार कश्यप की रिपोर्ट)
