बिहार के किशनगंज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव पंचायत के पास बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा पर एक व्यक्ति ने कब्र खोदकर लाश निकाल ली और फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। युवक ने सिर को एक झोले में डाला और उसे वहां से ले जाने लगा। 7 किलोमीटर दूर जब लोगों ने लाश का सिर झोले में देखा तो वे खौफ में आ गए। बाद में उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामला किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव पंचायत अंतर्गत मड़ुआ टोली का है। जहां ग्रामीणों ने एक युवक को लाश का कटा हुआ सिर झोले में ले जाते देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि घटना पश्चिम बंगाल की है। फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर बंगाल की चाकुलिया थाना की पुलिस को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि बिहार से सटे पश्चिम बंगाल के लाहिल में एक व्यक्ति की दो सप्ताह पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसे बाद में कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया था।
मंगलवार को कब्रिस्तान से 7 किलोमीटर की दूरी पर बिहार की सीमा में जब एक युवक को झोले में सिर ले जाते हुए देखा तो लोगों ने उससे पूछताछ की। इसकी खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। लोग उसकी करतूत से हैरान रह गए। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। आशंका जताई जा रही है कि जादू-टोना करने की नीयत से आरोपी ने कब्र खोदकर लाश का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे वहां से ले जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।