Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR CRIME/बेटे की चाहत में हैवान बना बाप, डेढ़ साल की लाडो की गला दबाकर हत्या कर दी; पुलिस ने दबोचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 6, 2025

BIHAR CRIME/बेटे की चाहत में हैवान बना बाप, डेढ़ साल की लाडो की गला दबाकर हत्या कर दी; पुलिस ने दबोचा

बिहार के जमुई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक बाप बेटे की चाहत में शैतान बन गया। बेरहम पिता ने बेटा नहीं होने के कारण गुस्से में अपनी डेढ़ साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात सिकंदरा नगर क्षेत्र के पुरानी चौक में हुई। यहां के निवासी मन्नू चौधरी ने बेटे की चाह में अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची अनुराधा उर्फ लाडो को मार डाला। मौके पर पहुंची सिकंदरा पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

बच्ची की मां पूनम कुमारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह वे बर्तन मांज रही थीं। तभी पति मन्नू चौधरी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और डेढ़ साल की बच्ची लाडो की गला दबाकर हत्या कर दी। वह रोने लगी तो आस पास के लोग जुट गए। लोगों ने पुलिस से शिकायत करने की सलाह दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी मन्नू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसने जुर्म स्वीकार कर लिया।


एसडीपीओ सतीश सुमन ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला ने शिकायत किया है कि बच्ची को उसके पति ने मार डाला। बेटा नहीं होने से हत्या की बात बताई गयी है। पुलिस गांव जाकर छानबीन कर रही है। बेटे के लिए बेटी की हत्या का यह पहला मामला नहीं है। बिहार में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद बेटी के साथ बेरहमी की घटनाएं थम नहीं रहीं।

जमीन के विवाद में भाई की हत्या

इधर अररिया के फारबिसगंज के नरपतगंज प्रखंड के फरही स्थित जोगीपुर गांव में शुक्रवार को जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली झगड़े में सहोदर भाई और भतीजा ने मिलकर 55 वर्षीय किसान विशंभर मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के दौरान जब मृतक को बचाने उसकी बेटियां आगे आईं तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटा। एसडीपीओ ने कहा कि यह घटना पारिवारिक जमीनी विवाद का परिणाम है। पुलिस मामले की जांच कर रही दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।