सहरसा के पूरब बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में एक नवजात की इलाज के दौरान मौत हो गई। मधेपुरा जिले के अर्रार थाना क्षेत्र के बिरगांव निवासी प्रशांत कुमार ने 4 सितंबर को अपनी गर्भवती पत्नी को सहरसा के मीरा टॉकीज स्थित डॉक्टर निशा के क्लिनिक में भर्ती कराया था।
जंहा शाम 5 बजे उनकी पत्नी ने एक लड़के को जन्म दिया। डॉक्टर निशा ने सर्जरी के बाद शिशु विशेषज्ञ से बच्चे को दिखाने की सलाह दी। प्रशांत बच्चे को पूरब बाजार स्थित क्लिनिक में डॉ. श्रवण कुमार के पास ले गए। डॉक्टर ने बच्चे को आईसीयू में भर्ती कर लिया।
जन्म से ही काली थी बच्चे की जीभ
लेकिन आज शनिवार सुबह करीब 4 बजे बच्चे की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्चा ठीक हो रहा था, लेकिन इलाज में लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई। डॉक्टर श्रवण कुमार ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि बच्चे की जीभ जन्म से ही काली थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई।
सहरसा सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत करवाया। सहरसा सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर विधिसम्मत जांच कर कार्रवाई की जाएगी।