सहरसा जिले के कनरिया ओपी क्षेत्र में 10 वर्षीय बच्चे की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. साइबर डीएसपी अजित कुमार ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि कनरिया थाना और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है.
वहीं पुलिस की दबिश के कारण दो अभियुक्तों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. अपराधियों के निशाने पर मासूम के पिता थे लेकिन बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था.
मासूम की हत्या करके शव को नदी किनारे फेंका
डीएसपी अजित कुमार ने बताया कि 12 मई को सौरबाजार विशनपुर वार्ड नंबर 12 निवासी रविन्द्र यादव के 10 वर्षीय पुत्र मणिकांत कुमार की हत्या करके अपराधियों ने शव को कनरिया थाना क्षेत्र के हसुलिया गांव में कोसी नदी के किनारे फेंक दिया था.
राजा यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस मामले में मृतक के पिता के आवेदन पर कनरिया थाना में मामला दर्ज किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया. पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी सोनवर्षा कचहरी थाना क्षेत्र के विशनपुर वार्ड नंबर 12 निवासी राजा उर्फ राजनंदन यादव को 22 अगस्त को सदर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड से गिरफ्तार किया.
पिता को नहीं मार सके तो बेटे की कर दी हत्या
पुलिस दबिश के कारण आरोपित रन्नू यादव एवं ब्यास नंदन यादव ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. इससे पहले इस कांड के आरोपी रंधीर यादव को छह जून को जेल भेजा जा चुका है. डीएसपी अजित कुमार ने बताया कि मृतक मणिकांत को निशाना उसके पिता से पूर्व के विवाद के कारण बनाया गया था. मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि सात मई को उन्हीं आरोपियों ने उन पर गोली चलायी थी. जिसमें वे बाल-बाल बच गये थे. इसके बाद लगातार हत्या की नीयत से परिवार की खोजबीन की जा रही थी. जिसके डर से उन्होंने अपने पुत्र को बहनोई के घर भेजा दिया था. लेकिन अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से मासूम की हत्या कर दी.
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी
गिरफ्तार आरोपित राजा उर्फ राजनंदन यादव का आपराधिक इतिहास है. सलखुआ थाना में आर्म्स एक्ट के तहत उस पर मामला दर्ज हो चुका है. अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.