सहरसा के सौर बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक छात्र को गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल युवक को शहर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसके पैर से गोली निकाल दी है। जख्मी युवक की पहचान चंदौर निवासी अगमलाल यादव के बेटे सुभाष कुमार (22) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। घटना बुधवार रात 12 बजे की है। पुलिस को इसकी जानकारी गुरुवार दोपहर 3 बजे मिली।
गोलीबारी की आवाज सुनकर पहुंचे
पीड़ित के पिता ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि किस कारण से उनके बेटे को गोली मारी गई। उन्होंने बताया कि रात में गोलीबारी की आवाज सुनकर वह बाहर निकले। तब देखा कि उनके बेटे के पैर में गोली लगी है। इसके बाद उन्होंने जख्मी बेटे को शहर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया।जंहा इलाज के बाद गोली डॉक्टर के द्वारा निकाल दी गई है।
आपसी विवाद में गोलीबारी
सौर बाजार थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एसआई स्वीटी कुमारी निजी अस्पताल पहुंचीं। परिजनों से पूछताछ की गई, लेकिन वे कुछ भी बताने से बच रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद में गोलीबारी की बात सामने आई है। लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।