मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के आजाद टोला वार्ड नौ में 13 जून की रात अभिमन्यु कुमार को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसकी इलाज के दौरान सहरसा में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि हत्या का कारण जमीन विवाद था। उन्होंने बताया कि 13 जून की रात सदर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि आजाद टोला में एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया है। एसपी के निर्देश पर वे स्वयं और सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।
जांच में पता चला कि आनंद विहार वार्ड दो निवासी तरुण यादव के बेटे अभिमन्यु कुमार दुकान से सामान लेकर घर लौट रहे थे। तभी अपराधियों ने उन्हें घेरकर गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना के पीछे पुराना जमीन विवाद था।

जमीन विवाद में हत्या की आशंका
थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि मृतक के भाई अखिलेश और गुरुदयाल के बीच काफी दिनों से जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद पर चलते अखिलेश के भाई की हत्या की गई है। एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।