Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/दरवाजे पर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 21, 2025

MADHEPURA/दरवाजे पर सो रही महिला की गोली मारकर हत्या

मधेपुरा में शुक्रवार रात घर के दरवाजे पर सो रही महिला की गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना परमानंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआहा वार्ड-7 की है। मृतका की पहचान उपेंद्र चौपाल उर्फ बेचन चौपाल की पत्नी तेतरी देवी (55) के रूप में हुई।

मृतका के पति उपेंद्र चौपाल ने बताया कि घटना के समय वह शौच के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात अपराधी मौके पर पहुंचे और सोई हुई तेतरी देवी पर गोली चला दी। दो गोली पीठ और दो गोली सिर में लगी है। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुली और शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटनास्थल पर लोगों की भीड़। - Dainik Bhaskar
घटनास्थल पर लोगों की भीड़।

आपसी रंजिश में हत्या की आशंका

घटना की सूचना पर परमानंदपुर थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा हो सकती है, हालांकि अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। वहीं गांव में इस घटना के बाद दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की रही है।