Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/सोनम रघुवंशी से बहुत आगे निकली बिहार की सविता! पहले काटा पति का गला, फिर फंदे से लटकाया शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 19, 2025

MADHEPURA/सोनम रघुवंशी से बहुत आगे निकली बिहार की सविता! पहले काटा पति का गला, फिर फंदे से लटकाया शव

बिहार के मधेपुरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बूढ़ी गांव में एक महिला ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक युवक का नाम रंजीत राम (24 वर्ष) है और आरोपी पत्नी का नाम सविता देवी है।

पुलिस ने सविता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सविता देवी ने सोते समय अपने पति रंजीत की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने पति की लाश को अपनी ही साड़ी से फंदे पर लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या जैसा लगे।

जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो रंजीत अर्धनग्न अवस्था में था और उसके गले और सिर पर गहरे घाव थे। सविता ने पुलिस को बताया कि उसने फंदा काटने के लिए दबिया (एक धारदार हथियार) का इस्तेमाल किया था और उसी से गलती से चोट लग गई। हालांकि, पुलिस को उसकी कहानी पर शक है। सविता ने हत्या के बाद अपने मोबाइल फोन को भी तोड़ दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। लेकिन उसका सिम कार्ड उसके ससुराल वालों को मिल गया जो अब पुलिस को सौंपा जाएगा।

रंजीत की मां ने क्या बताया?

मृतक की मां किरण देवी ने पुलिस को बताया कि घटना की रात रंजीत और सविता के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद दोनों खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए। रात करीब दो बजे किरण देवी को सविता के रोने की आवाज सुनाई दी। जब वह कमरे में पहुंचीं तो देखा कि सविता रंजीत के शव को फंदे से नीचे उतारकर बरामदे में ले जा चुकी थी। रंजीत की गर्दन और सिर से खून बह रहा था और वह मृत अवस्था में था।

शादी को हुए थे तीन साल, कोई संतान नहीं थी

रंजीत राम की शादी तीन साल पहले सुपौल जिले के गिरधरपट्टी गांव की रहने वाली सविता देवी से हुई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी। रंजीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो छोटी बहनें हैं, जिनकी अब तक शादी नहीं हुई है। रंजीत के पिता पिंटू राम पंजाब में मजदूरी करते हैं। उन्हें बेटे की हत्या की जानकारी मिलते ही घर वापस बुलाया गया है।

मायके में चल रहा था अवैध संबंध

रंजीत के मामा दिनेश राम ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि सविता देवी का अपने मायके में किसी युवक से अवैध संबंध था। यही वजह थी कि सविता और रंजीत के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। सविता अक्सर अपने मायके में ही रहना पसंद करती थी। घटना वाले दिन सुबह 6 बजे ग्रामीणों ने उसे किसी के फोन से बांसबाड़ी में बात करते हुए भी देखा था, जिससे शक और गहरा गया है।

ससुराल वालों ने रंजीत को किया था बंधक

दिनेश राम ने यह भी आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले जब रंजीत अपनी पत्नी को लेने उसके मायके गया था, तो सविता के पिता सुरेंद्र राम ने रंजीत को बहला-फुसलाकर पंजाब भेज दिया। वहां उसे 10 हजार रुपये में किसी के पास बंधक बना दिया गया था। दिनेश राम ने किसी तरह से रंजीत को वापस छुड़ाया। इसके बाद 16 जून को रंजीत अपनी पत्नी को मायके से वापस घर लाया था और महज एक दिन बाद 17 जून की रात उसकी हत्या हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भर्राही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रंजीत का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सविता देवी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब सविता से गहन पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। ससुराल और मायके पक्ष के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।