Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/मधेपुरा में फंदे से लटका मिला मजदूर का शव:मां बोली-बहू ने कर दी हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 18, 2025

MADHEPURA/मधेपुरा में फंदे से लटका मिला मजदूर का शव:मां बोली-बहू ने कर दी हत्या

मधेपुरा में एक युवक का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला है। बुधवार की सुबह 4 बजे परिजन ने शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। मृतक की पहचान रंजीत राम(24), पिता पिंटू राम, निवासी मुरहो पंचायत के बूढ़ी गांव के रूप में हुई है। घटना भर्राही थाना अंतर्गत बूढ़ी गांव की है।

मृतक की मां किरण देवी ने बताया कि मंगलवार को वह खेत में काम करने गई थी। शाम में घर लौटने पर पता चला कि रंजीत और उसकी पत्नी सविता देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों खाना खाकर सो गए, लेकिन रात करीब 3 बजे जोर-जोर से बहू के रोने की आवाज सुनाई दी।

हमें लगा कि फिर से बहू-बेटे की बीच लड़ाई हो रही है। आधे घंटे तक जब बहू चुप नहीं हुई तो हम बिस्तर से उठकर उसके कमरे में जाने लगे। इस दौरान देखा कि बहू सविता बेटे रंजीत के शव को नीचे उतार कर बरामदे में ले आ रही है। उसके सिर से खून निकल रहा था, जिससे मुझे लगा कि बहू ने ही उसकी हत्या कर दी है।

प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद का जिक्र

परिजन ने बताया कि रंजीत की शादी 3 साल पहले सुपौल के गिदरपट्टी निवासी सुरेंद्र राम की बेटी सविता देवी से हुई थी। शादी के बाद से ही सविता के किसी अन्य युवक से संबंध होने की बात सामने आती रही, जिससे पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। सविता अक्सर मायके में रहना पसंद करती थी।

 - Dainik Bhaskar

'पंजाब में 10 हजार में बेच दिया गया था'

रंजीत के मामा दिनेश राम ने दावा किया कि तीन महीने पहले जब रंजीत ससुराल गया था, तो उसके ससुर सुरेंद्र राम उसे पंजाब ले गए। वहां 10 हजार रुपए में किसी को बेच दिया। जब वह लंबे समय तक नहीं लौटा, तो परिजन ने खोजबीन की और पंजाब से छुड़ाकर उसे घर लाया।

परिजन ने बताया कि 16 जून को ही रंजीत ने अपनी पत्नी को मायके से वापस लाया था। लेकिन 17 जून की रात को उसका शव घर में फांसी से लटका हुआ मिला। परिवार वालों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिशन हत्या है।

घटना की सूचना मिलने पर भर्राही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता पिंटू राम, जो घटना के दिन पंजाब रवाना हुए थे, अब वापस लौट रहे हैं। रंजीत अपने परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनों की अब तक शादी नहीं हुई है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा और मातम का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे हुए हैं।

भर्राही थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि युवक की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटनास्थल से कुछ कपड़ा, दबिया और मोबाइल को जब्त किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है।