Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/पंचायत सचिव की बाइक की डिक्की से 2.50 लाख चोरी: मधेपुरा में उचक्कों ने घटना को दिया अंजाम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 12, 2025

MADHEPURA/पंचायत सचिव की बाइक की डिक्की से 2.50 लाख चोरी: मधेपुरा में उचक्कों ने घटना को दिया अंजाम

मधेपुरा शहर में बुधवार शाम एक पंचायत सचिव की बाइक की डिक्की तोड़कर ढाई लाख कैश चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने सरेआम इस वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर चोरों की पहचान में जुटी है।

पंचायत सचिव की इसी बाइक की डिक्की तोड़कर कैश चोरी की गई। - Dainik Bhaskar
पंचायत सचिव की इसी बाइक की डिक्की तोड़कर कैश चोरी की गई।

बैंक से निकाले 4.73 लाख कैश चोरी

पीड़ित सिंटू कुमार ने बताया कि वह रहठा पंचायत के मजदूरों को भुगतान के लिए पैसे निकालने आया था। पंजाब नेशनल बैंक मधेपुरा शाखा से लगभग ₹4.73 लाख निकाले थे। इसमें से ₹2.20 लाख अपने एक साथी के बैग में रखवाए। बाकी ₹2.50 लाख अपने बैग में डालकर बाइक की डिक्की में बंद कर दिए।

नाश्ते के लिए रुके, डिक्की तोड़कर कैश पार

बैंक से निकलने के बाद वह अमृत होटल के सामने बाइक खड़ी कर नाश्ता करने होटल के अंदर गए। कुछ ही मिनटों में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने डिक्की तोड़ी और कैश लेकर शहीद चूल्हाय मार्ग होते हुए बायपास की ओर फरार हो गए। सिंटू ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे तेज रफ्तार में निकल चुके थे।

उन्होंने तत्काल होटल मालिक से CCTV फुटेज दिखाने की मांग की, लेकिन मालिक ने बताया कि कैमरा खराब है। इससे पुलिस के लिए सुराग जुटाना और मुश्किल हो गया।

सदर थाना में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित पंचायत सचिव​​​​​​ ​सिंटू कुमार ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि "शिकायत मिल चुकी है और पुलिस जांच शुरू कर चुकी है।"

लगभग एक माह पूर्व भी सुभाष चौक के पास एक रिटायर्ड कर्मचारी से डेढ़ लाख रुपये छीन लिए गए थे। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से शहरवासियों में दहशत है। वहीं, पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।