Sarhasa : सहरसा पुलिस और बिहार STF को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पतरघट थाना क्षेत्र के भद्दी फाड़ी टोला से की गई, जहां पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। प्रिंस कुमार मधेपुरा जिले का रहने वाला है और सहरसा व मधेपुरा के कई थानों में लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने और गिरोहबंदी जैसे गंभीर अपराधों में वांछित था। उसके खिलाफ सात से अधिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज है।
सदर SDPO आलोक कुमार ने बताया कि 12 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी अपराधी रामरत्न सिंह उर्फ राम सिंह के गिरोह के सदस्य किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की थी, लेकिन अपराधी फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। इस घटना के संबंध में पतरघट थाना में कांड संख्या 25/25 दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी। करीब तीन महीने की कड़ी मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आखिरकार प्रिंस कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।