ललटू कुमार मधेपुरा जिले के घेलाड़ थाना क्षेत्र के झिटकिया गांव वार्ड 07 निवासी शिवकुमार यादव का पुत्र था। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा ललटू, सहरसा में अपने बहनोई के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था और साथ ही छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपना गुजारा करता था।
मृतक के मामा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:30 बजे ललटू का कमरा खुला था। जब बगल के लड़कों ने झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। तत्काल उसे नीचे उतारकर एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया ताकि आत्महत्या या हत्या के एंगल से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि ललटू कुमार की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। वे पुलिस से गहराई से जांच करने की मांग कर रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों का कहना है कि पुलिस को हर संभव एंगल से मामले की जांच करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
सहरसा। लक्ष्मीनिया चौक पर स्थित होम्योपैथी कॉलेज के समीप एक मकान में 24 वर्षीय ललटू कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।