मधेपुरा के सिंहेश्वर में सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का आज शुभारंभ होगा। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) मधेपुरा पहुंच चुके हैं। कथा के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिनमें बिहार, असम, गुजरात, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु शामिल हैं।
कथा का आयोजन मवेशी हाट और मेला ग्राउंड में किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर छह लाख 35 हजार स्क्वायर फीट में जर्मन, इंडियन डूम और बांस के पंडाल लगाए गए हैं। आयोजन की जिम्मेदारी गौरी शंकर समिति के पास है।
130 सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
आयोजन समिति अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जायसवाल के अनुसार लगभग 50 एकड़ भूमि श्रद्धालुओं के लिए तैयार की गई है। यहां भंडारा, पानी, शौचालय, रौशनी, ठहराव और ट्रैफिक की पूरी व्यवस्था की गई है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी और इसका प्रसारण आस्था व संस्कार चैनल पर होगा। सुरक्षा के लिए 130 सीसीटीवी कैमरे, एनसीसी कैडेट और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 162 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा के लिए एक हजार से अधिक महिला व पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सिंहेश्वर मंदिर परिसर में दो नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। एक अस्थाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया है।
शहर में वाहनों के लिए नो इंट्री लागू रहेगी
सिंहेश्वर के आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक डीएसपी चेतनानंद झा ने कहा कि 27 अप्रैल तक मेडिकल कॉलेज से पुलिस लाइन तक सिंहेश्वर मुख्य बाजार में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए नो इंट्री लागू रहेगी।
सिंहेश्वर के आसपास आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। P1 बीएनएमयू नॉर्थ कैंपस, P2 नारियल विकास बोर्ड भेलवा रोड, P3 पिपरा रोड पुलिस लाइन और गम्हरिया रोड पुलिस लाइन, P4 राधाकृष्ण चौक रोड नंबर 18, P5 ब्लॉक कैंपस, P6 हाई स्कूल के बगल विजय टेकरीवाल कैंपस, P7 लालपुर सरोपट्टी रोड आरा मिल धर्मकांटा के पास और P8 रामपट्टी स्कूल के बगल में पार्किंग रहेगी।