Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: बिहार के हर प्रखंड में खुलेगा एक एफिलिएटेड डिग्री कॉलेज, शुरू हुई जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 19, 2025

Bihar News: बिहार के हर प्रखंड में खुलेगा एक एफिलिएटेड डिग्री कॉलेज, शुरू हुई जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया

पटना। राज्य के हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए सरकार ने जमीन चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के बजट में प्रखंड मुख्यालयों में 350 डिग्री कॉलेजों की स्थापना का प्रविधान किया है।

जमीन चिह्नित करने के निर्देश

इसके आलोक में अब शिक्षा विभाग द्वारा जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। प्रविधान के मुताबिक डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए ग्रामीण क्षेत्र में कम से कम पांच एकड़ एवं शहरी क्षेत्र में कम से कम 2.5 एकड़ भूमि चाहिए।

शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के वैसे प्रखंड जहां अंगीभूत डिग्री कॉलेज नहीं है, उन प्रखंडों में अंगीभूत डिग्री कॉलेजों के लिए भूमि चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग द्वारा अंगीभूत डिग्री कॉलेज के लिए सभी जिलों के समाहर्ता को निर्देश दिया गया है।

शिक्षा विभाग के सचिव अजय यादव ने जारी किया आदेश

यह निर्देश शिक्षा विभाग के सचिव अजय यादव के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। राज्य सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 बजट में राज्य के उन प्रखंडों के में चरणबद्ध तरीके से एक-एक डिग्री महाविद्यालय की स्थापना किए जाने की घोषणा की गई है, जहां पूर्व से अंगीभूत डिग्री महाविद्यालय संचालित या प्रस्तावित नहीं हैं।

इसके मद्देनजर सभी जिलों के समाहर्ता को शिक्षा विभाग ने उन प्रखंडों की सूची भेजी है, जहां पूर्व से अंगीभूत कॉलेज स्थापित या प्रस्तावित नहीं हैं। उन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित कर शिक्षा विभाग ने समाहर्त्ताओं से रिपोर्ट मांगी है।

जमीन चिह्नित करते हुए इन बातों का ध्यान रखना आवश्यक

शिक्षा विभाग ने यह भी कहा है कि चिह्नित की जाने वाली भूमि यथा संभव सरकारी हो या विद्यालय व प्रशिक्षण महाविद्यालयों की हो। चिह्नित भूमि आवागमन की सुविधा से युक्त हो। भूमि का आकार चौकोर हो तथा लंबाई एवं चौड़ाई का अनुपात यथासंभव 1:2 अथवा 1:3 के समानुपातिक हो।