बिहार के दरभंगा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने महिला का नहाते हुए वीडियो बना लिया। फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ रेप किया। आरोपी ने दुष्कर्म करते हुए भी अश्लील वीडियो बना लिया, जिसे दिखाकर उसने दोबारा बलात्कार करना चाहा । जब महिला ने मना किया तो आरोपी ने उसका वीडियो वायरल कर दिया। पीड़िता के पति को एक पड़ोसी ने वह वीडियो दिखाया तो उसके होश उड़ गए।
यह मामला मब्बी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। महिला का 6 महीने पहले चापाकल पर नहाते हुए एक युवक ने वीडियो बना लिया था। फिर उस वीडियो को दिखाकर वह महिला को डराने-धमकाने लगा। एक दिन आरोपी ने पीड़िता को अपने घर बुलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसका भी वीडियो बना लिया। कुछ दिनों के बाद आरोपी ने दोबारा महिला के साथ गलत करना चाहा।
पीड़िता के विरोध करने पर वह आगबबूला हो गया। बाद में युवक ने महिला के आपत्तिजनक वीडियो व्हाट्सएप पर कई लोगों को भेज दिए, जो कि वायरल हो गए। पति को जब पता चला तो उसने पीड़िता से पूछताछ की। महिला ने पूरी बात अपने पति को बताई।
इसके बाद पति-पत्नी दोनों सोमवार को पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसकी पुष्टि प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने की है।