Kosi Live-कोशी लाइव Saharsa/नशे में धुत आरोपियों ने युवक का अपहरण कर बेरहमी से की पिटाई, वीडियो आया सामने - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 7, 2025

Saharsa/नशे में धुत आरोपियों ने युवक का अपहरण कर बेरहमी से की पिटाई, वीडियो आया सामने


सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज अपहरण का मामला सामने आया है। जहां गुरुवार शाम करीब सात बजे सलखुआ बाजार से एक युवक का अपहरण कर उसे एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सलखुआ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र पांच घंटे के अंदर युवक को बरामद कर लिया। वहीं, महादेव मठ स्थित एक घर से पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी शराब के नशे में धुत थे, जिसकी पुष्टि ब्रेथ एनालाइजर से की गई।
शराब के नशे में पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार
सलखुआ पुलिस ने अपहरण और मारपीट की वारदात में महादेव मठ निवासी मिथिलेश यादव के घर से पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महादेव मठ, सलखुआ निवासी मिथिलेश यादव, भवदेवा बलवाहाट निवासी सुजीत कुमार, भवदेवा बलवाहाट निवासी संजय यादव, सलखुआ निवासी शिवा कुमार और सलखुआ निवासी बबलू कुमार के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस को संदेह हुआ कि आरोपी नशे में हैं, तो ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें सभी आरोपियों के शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने सभी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

भाई के आवेदन पर मामला दर्ज
अपहृत युवक रामू कुमार के भाई सुजीत कुमार ने सलखुआ थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने शिकायत में बताया कि सलखुआ नवटोलिया निवासी सौरव कुमार और अन्य पांच-छह अज्ञात लोगों ने मेरे भाई को जान से मारने की नियत से अगवा कर लिया। शिकायत में कहा गया कि रामू अपने दोस्त गड़गड़ कुमार के साथ सलखुआ बाजार में था। तभी आरोपियों ने उसे जबरन उठा लिया। गड़गड़ किसी तरह भागकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने युवक की तलाश शुरू की। तभी अभिलाष कुमार के मोबाइल पर रामू की पिटाई का वीडियो आया, जिसे देखकर परिवार के लोग सन्न रह गए।

त्वरित कार्रवाई से बची युवक की जान
सलखुआ थाना अध्यक्ष विशाल कुमार के नेतृत्व में पीएसआई दीपक कुमार राम, एसआई सुधीर कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वाकई युवक का किसी चोरी से संबंध था या उसे झूठे आरोप में फंसाकर प्रताड़ित किया गया।

पीड़ित युवक पर चोरी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अपहृत युवक रामू कुमार को बेरहमी से पीटा जा रहा है। वीडियो में आरोपियों को गंदी-गंदी गालियां देते और युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए पांच गोली मारने की धमकी देते हुए सुना जा सकता है। इतना ही नहीं, एक आरोपी बेल्ट से पिटाई कर रहा है और कह रहा है कि जैकेट उतारो, ताकि मारने का असर पड़े। वहीं, कोई नशे की टैबलेट खिलाकर बाद में मारने की बात कर रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता।