बिहार के जमुई जिले में बुधवार को एक स्कूल बस की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में करीब एक दर्जन स्कूली बच्चे घायल हो गए। यह हादसा लक्ष्मीपुर के मोहनपुर थाना क्षेत्र में कोहबरवा झाझा रोड पर सोंदिपी गांव के पास हुआ दोपहर के समय हुआ, जब बच्चे बस में सवार होकर स्कूल से घर जा रहे थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज कराया गया। टक्कर की वजह से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह निजी स्कूल के बच्चे बस में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस कोहबरवा की ओर से सोन्दीपी गांव की ओर जा रही था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे तेज गति के ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस को लगभग पचास मीटर पीछे की ओर धकेलते हुए ट्रक ड्राइवर एक खड़े ट्रैक्टर में टक्कर मारते हुए जिन्हारा की ओर भाग निकला।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर का बड़ा टायर फट गया। क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर सोलर प्लांट में काम के लिए लगाया गया था। बाद में ट्रक चालक जिन्हारा पेट्रोल पंप के पास गाड़ी रोककर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई। घटना स्थल पर जमा भीड़ कुछ देर के लिए रोड जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। इस बीच सूचना पाकर मोहनपुर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और लक्ष्मीपुर थाना में पदस्थापित एस आई सावन कुमार दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर आवागमन शुरू कराया और घटना की जांच पड़ताल में जुट गए।
