सहरसा में रविवार को प्रेम-प्रसंग में एक युवती की हत्या कर दी गई। शव खेत में मिला। वहीं, लाश के बगल में एक और युवती घायल अवस्था में पड़ी थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सहरसा के महिषी थाना क्षेत्र की है।
युवती के पिता ने बताया कि 'मेरी बेटी के साथ पहले रेप की घटना को अंजाम दिया गया है। इसके बाद उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दोनों युवती पर धारदार हथियार से हमला किया गया है।' मृतक और जख्मी युवती दोनों सहेली है।

चाकू से युवती के शरीर पर कई वार
रविवार सुबह ग्रामीण रमेश(बदला हुआ नाम) शौच के लिए मकई खेत की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दोनों युवतियों को जमीन पर लेटा देखा। रमेश ने बताया कि 'जब हम सामने जाकर देखे तो युवती के शरीर पर चाकू से कई बार वार किया हुआ था। रोशनी के सिर पर गंभीर चोट थी। हमने हंगामा करना शुरू किया। इसके बाद गांव के लोग मौके पर जुटे। तुरंत घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।'
मामले की जानकारी मिलने पर सदर SDPO आलोक कुमार, महिषी थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, जलई ओपी प्रभारी ममता कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। FSL टीम मामले की छानबीन में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने बहुरवा गांव के एक शादीशुदा व्यक्ति संजय पासवान को हिरासत में लिया है।
दोस्त के साथ बेटी गई थी
मृतका के पिता ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे मेरी बेटी को बुलाने के लिए उसकी सहेली घर आई थी। मेरी बेटी उसी के साथ चली गई। 4 घंटे बाद जानकारी मिली की मेरी बेटी की हत्या कर दी गई है। वहीं, सहेली घायल अवस्था में मिली है।
सदर SDPO आलोक कुमार ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। घायल ने आरोपी का नाम बताया है। उसे हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि संजय और मृतक की सहेली का 2 साल से अफेयर चल रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने के कारण हत्या कर दी गई है।