Patna News: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ के हिंदू निगम इलाके में सुबह-सुबह डकैतों व पुलिस के बीच मुठभेड़ में दो डकैत मारे गए। वहीं डकैतों की गोली से एक दारोगा घायल हो गए।
घायल दारोगा को पटना एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घायल दारोगा की पहचान गौरीचक थाना में पदस्थापित विवेक कुमार के रूप में हुई है।
वहीं दो डकैतों की पहचान नालंदा निवासी मेमो और विवेक के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आधा दर्जन की संख्या में रहे डकैत भाग निकले।
बताया जाता है कि डकैतों को जब पुलिस ने घेराबंदी की तो ये लोग पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे। डकैतों के द्वारा करीब 12 से 13 राउंड गोली पुलिस पर चलाई गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो डकैतों को मार गिराया।
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जो गोली लगने से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि, चार अपराधी भागने में सफल हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने बड़ी संख्या में गोलियों के खोखे और कई पिस्तौल बरामद किए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी पश्चिम सरथ आरएस मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
