Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/पटना से छुट्टी पर घर आए एएसआई की सुपौल में अचानक मौत, दो बेटों के बावजूद बेटी ने दी मुखाग्नि - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, January 21, 2025

BIHAR/पटना से छुट्टी पर घर आए एएसआई की सुपौल में अचानक मौत, दो बेटों के बावजूद बेटी ने दी मुखाग्नि


सुपौल में छुट्टी पर पटना से अपने घर आए एक एएसआई की मंगलवार को अचानक मौत हो गई। उसके बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। घटना सुपौल सदर प्रखंड के बरैल वार्ड-4 की है। बताया जा रहा है कि पटना के दुलहिन बाजार थाना में पदस्थापित 42 वर्षीय एएसआई मणिभूषण सिंह की अचानक मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि मणिभूषण 16 जनवरी को एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए घर आए थे। हालांकि चाचा के निधन के कारण वह कुछ और दिनों के लिए गांव में ही रुक गए। बीती रात सभी परिजन रात का खाना खाकर सोने चले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य मणिभूषण को जगाने गए तो पाया कि उनकी मौत हो चुकी है, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।

रात 11 बजे बाथरूम गए, फिर आकर सो गए
मृतक एसआई की 21 वर्षीय बेटी आशिया पराशर ने बताया कि रात करीब 11 बजे पिता बाथरूम गए थे और फिर आकर सो गए। सुबह उनकी सांसें थम चुकी थी। मृतक एएसआई अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। दोनों बेटे बाहर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि बेटियां घर पर थीं। पिता के निधन पर बेटी आशिया ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें मुखाग्नि दी।

निधन के बाद गांव में शोक का माहौल
मृतक के भतीजे मनीष सिंह ने मणिभूषण को परिवार के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकेगी। वहीं, जिला परिषद सदस्य रजनीश सिंह ने इसे पूरे गांव के लिए दुखद घटना बताया। मणिभूषण सिंह की मौत से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव में शोक व्याप्त है।