Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: मधेपुरा में मिट्टी में दफन मिला महिला का शव, 12 दिन से थी गायब, 9 महीने पहले हुई थी शादी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, January 28, 2025

Bihar News: मधेपुरा में मिट्टी में दफन मिला महिला का शव, 12 दिन से थी गायब, 9 महीने पहले हुई थी शादी


Bihar News: बिहार के मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में एक महिला का शव मिट्टी में दफन मिला है. महिला की पहचान राजगंज पंचायत के बैजनाथपुर निवासी मिथिलेश मल्लाह की 19 वर्षीय पत्नी अंजली देवी के रूप में की गई है. जो 12 दिन से गायब थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. महिला के परिजनों ने उसके पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है.

9 महीने पहले लव मैरेज हुई थी शादी

पुलिस ने बताया कि महिला का शव एक बगीचे में मिट्टी में दफन मिला था. शव को बरामद करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. महिला की मौसी पिंकी देवी का आरोप है कि अंजली ने 9 महीने पहले लव मैरेज शादी की थी. उसके बाद उसके पति ने दहेज की मांग शुरू कर दी थी. उन्होंने आगे बताया कि अंजली को उसके पति और ससुराल वालों ने प्रताड़ित किया था और उसकी हत्या की गई है.

बगीचे में कुत्ते को मिट्टी खोदते देख मामले का हुआ खुलासा

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के बगीचे में राजो कुमार नामक व्यक्ति ने कुत्ते को मिट्टी खोदते देखा. उसके बाद पास जाकर देखा तो एक महिला का पैर मिट्टी से बाहर निकला हुआ था. उसने तुरंत बगीचे के मालिक तनवीर आलम को इस बात की सूचना दी. उसके बाद तनवीर ग्रामीणों के साथ बगीचे में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दंडाधिकारी अविनाश कुमार मौके पर पहुंचकर गड्डा खुदवाया और शव को बरामद कर लिया. दंडाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि ‘महिला का शव एक सफेद प्लास्टिक के बोरे में बंद था. शव को देखकर लगता है कि हत्या एक सप्ताह पहले हुई है.