सहरसा में कंबल की वजह से कन्फ्यूज होकर शूटर ने सिर की जगह युवक के पैर में गोली मार दी। गोली दाहिने पैर में लगी है। घटना के बाद बदमाश भाग निकला।
घायल का कहना है कि ठंड की वजह से मैंने पूरे शरीर को कंबल से ढक रखा था। गोली लगने के बाद मैंने कंबल से सिर निकाला तब तक बदमाश भाग निकला। गोली पैर में फंसी है, उसे निकाला नहीं जा सका है।
जख्मी युवक की पहचान बलैठा वार्ड नंबर 5 निवासी सरवन यादव के बेटे सौरभ कुमार(18) के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गुरुवार की रात बसनही थाना इलाके की है। सौरभ कुमार पंजाब में मजदूरी करता है। 2 महीने पहले ही वह घर वापस आया है।
चेहरे पर कंबल था, बदमाश को नहीं देख सका
घायल सौरभ का कहना है कि 'गुरुवार की रात मैं अपने दूसरे मकान में सो रहा था। रात करीब 1 बजे अज्ञात बदमाश मेरे घर में घुसे और मुझे गोली मार दी। मैं कंबल ओढ़ कर सो रहा था, इस वजह से बदमाश को मैं देख नहीं पाया।
एक गोली जैसे ही मेरे पैर में लगी, मैं चिल्लाने लगा। जब तक मैं अपना कंबल मुंह से हटाता, आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद मैंने तुरंत अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पिता और भाई पहुंचे। उन्होंने मुझे अस्पताल में भर्ती कराया।'
वहीं सौरभ के पिता सरवन यादव ने बताया कि बदमाशों का इरादा सिर में गोली मारने का था। कंबल से ढके होने की वजह से अपराधियों ने पैर वाले हिस्से को सिर समझकर गोली मार दी। घर वालों के मुताबिक जिस डॉक्टर को ऑपरेशन करना है, वो आज 4 बजे आएंगे। उसके बाद ही गोली निकाली जाएगी।
बसनही थाना अध्यक्ष कुलवंत कुमार ने बताया कि घटना के पीछे की स्पष्ट वजह का अभी पता नहीं चल सका है।
