Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA/सरकारी स्कूल में अवैध नर्सिंग होम चलाने का आरोप:सहरसा में बेड से लेकर स्लाइन स्टैंड तक लगा, क्लीनिक में भ्रूण हत्या करने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 21, 2024

SAHARSA/सरकारी स्कूल में अवैध नर्सिंग होम चलाने का आरोप:सहरसा में बेड से लेकर स्लाइन स्टैंड तक लगा, क्लीनिक में भ्रूण हत्या करने का आरोप


सहरसा के राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के एक कमरे में अवैध रूप से नर्सिंग होम चलाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार वर्षों से यह अवैध नर्सिंग होम अवैध तरीके से स्कूल भवन के कमरे में चल रहा है। स्कूल प्रशासन को जानकारी नहीं होना संदेह के घेरे में है।

जानकारी के अनुसार स्कूल का एक कमरा जो सदर अस्पताल गेट की तरफ जाने वाली सड़क पर खुलता है, वहां सुई देने से लेकर स्लाइन चढ़ाने से कई ओर काम अवैध रूप से होता है। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन भी हरकत में आ गया है। एक तरफ जहां स्कूल में पढ़ने वाली छात्राएं और शिक्षिका भय के साए में पढ़ने और पढ़ाने को विवश हैं। लेकिन जिस कमरे में अवैध रूप से निजी रूप से उपयोग किया जा रहा है। इसमें पूरी तरह से टाइल्स के साथ सुसज्जित बाथरूम और शौचालय बना हुआ है।

प्रधानाध्यापिका बोली-कैंपस के बाहर है कमरा। - Dainik Bhaskar
प्रधानाध्यापिका बोली-कैंपस के बाहर है कमरा।

वहीं, बेड भी लगा है और स्लाइन स्टैंड भी नजर आया। कुछ लोगों ने दबी जुबान से कहा कि यह तो अब सिर्फ बानगी है। मामला सामने आने के बाद कमरे से अन्य सामान और उपकरण हटा दिया गया। हालांकि यह जांच का विषय है। जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। इधर, सदर अस्पताल के सामने और कन्या मध्य विद्यालय के कमरे में इस तरह के संचालन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

अस्पताल का सामान भी मिला है। - Dainik Bhaskar
अस्पताल का सामान भी मिला है।

समाजसेवी प्रांजल कुमार उर्फ दिलखुश पासवान ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर विद्यालय भवन में अवैध रूप से रूम कब्जा करके भ्रूण हत्या और अवैध रूप से क्लीनिक चलाने का आरोप लगाया है। आवेदन में उन्होंने कहा कि राजकीय कन्या कन्या मध्य विद्यालय में कई वर्षों से स्कूल प्रबंधन एवं बबली नाम की नर्स की मिलीभगत से नाबालिग लड़कियों और महिलाओं के भ्रूण हत्या का कार्य कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध कब्जा कर उस कमरे में टाइल्स, शौचालय बना कर बेड लगाया हुआ है। जिसकी जानकारी मौखिक रूप से प्रधानाध्यापक को दी गई तो वह इनकार करती है। जो बहुत शर्मनाक है।

जिस निजी नर्स बबली कुमारी पर स्कूल के कमरे को कब्जा कर नर्सिंग होम चलाने की बात सामने आ रही है, उसके पिता इसी स्कूल में चतुर्थवर्गीय कर्मी के रूप में पदस्थापित थे। वो कई वर्षों पूर्व सेवानिवृत हो चुके हैं। इतना ही नहीं कुछ माह पूर्व ही उनकी मौत भी हो गई है, लेकिन उनका परिवार स्कूल के पीछे ही सरकारी जमीन पर अपना घर बनाकर रह रहे हैं।

नर्स बबली चौधरी ने सभी आरोप को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि वह सालों तक शहर के कई निजी अस्पताल में नर्स का काम कर चुकी है। उनकी बेटी भी एएनएम है। जिसके कारण आसपास के कुछ लोग स्लाइन चढ़ाने और इंजेक्शन लेने आ जाते थे। स्कूल का यह कमरा जर्जर था। जिसे वह दुरुस्त करा लिया। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या या अन्य आरोप गलत और बेबुनियाद है।

स्कूल की प्रधानाध्यापिका बेबी कुमारी ने बताया कि यह कमरा स्कूल कैंपस से बाहर है। जो मूलतः गार्ड का कमरा है और पीछे ही उसका गेट खुलता था। उन्हें जैसे ही जानकारी मिली तो उन्होंने बबली कुमारी को सख्त निर्देश दिया है। वहीं, विभाग सहित अन्य को सूचित कर चुके हैं।