सहरसा के सदर थानाक्षेत्र में अपराधियों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस थाने से चंद कदमों की दूरी पर ही लूटपाट और छिनैती की घटनाएं हो रही हैं। ताजा मामला रविवार की सुबह का है, जब एफसीआई गोदाम के पास चाकू की नोक पर एक युवक से लूट की गई।Trending Videosचाकू के बल पर युवक से लूट
पीड़ित युवक सचिन कुमार पतरघट थानाक्षेत्र के रेशना पामा गांव का निवासी है। वह अंबाला से अपने गांव लौट रहा था। वह बस स्टैंड पैदल जा रहा था कि रास्ते में अपराधियों ने उसे घेर लिया। चाकू की नोक पर तीन हजार रुपये नकदी, एक चांदी की सिकड़ी और मोबाइल छीन लिया। यह वारदात थाना से कुछ ही दूरी पर घटित हुई, जिससे स्थानीय लोगों में पुलिस सुरक्षा को लेकर आक्रोश है।
बाइक चोरी सीसीटीवी में कैद
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की देर शाम आदित्य विजन के एक कर्मचारी की बाइक अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। यह घटना आदित्य विजन की दुकान के सामने हुई, जहां बाइक खड़ी थी। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसे लेकर पीड़ित बेगूसराय के परोरा निवासी अवनीश सिंह ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश जारी है।
नवरात्रि पर महिलाओं से चेन झपटी
वहीं, शनिवार को नवरात्रि के दशमी के दिन शहर के मंदिरों में उमड़ी भीड़ का अपराधियों ने फायदा उठाया। बड़ी दुर्गा मंदिर और थाना चौक स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा करने आई महिलाओं के गले से उचक्कों ने चेन और मंगलसूत्र छीन लिए। इस घटना में कई महिलाएं शिकार बनीं।
प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर शशि कुमारी की मां, धर्मशाला रोड निवासी गौरव तुलसियान की पत्नी, डीबी रोड निवासी पिंकू खेतान और दयानंद तुलसियान की पत्नी समेत अन्य महिलाओं के गहने उचक्कों ने भीड़ का फायदा उठाकर उड़ा लिए। महिलाओं को इसका पता तब चला जब वे पूजा करके बाहर निकलीं और गले से चेन गायब पाई। घटना के बाद महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन तब तक उचक्के फरार हो चुके थे।
अपराध की बढ़ती घटनाओं से दहशत
सदर थानाक्षेत्र में लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। चाहे वह चाकू के बल पर लूटपाट हो, महिलाओं से चेन झपटने की घटना हो या बाइक चोरी की वारदात, अपराधियों के बेखौफ व्यवहार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं
