बिहार में छेड़खानी को लेकर जमकर बवाल हुआ है। बताया जा रहा है कि दो गांवों के बीच लड़ाई हो गई और फिर जमकर गोलिया भी बरसाई गई हैं। घटना बक्सर जिले की है। जिले में छेड़खानी के विवाद को लेकर बुधवार को ढेंका और नोनियापुरा गांव के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान फायरिंग व जमकर पथराव हुआ।
इस घटना में दर्जनभर लोग जख्मी हो गए। चार लोगों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इनमें तीन लोगों के गोली लगने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद पुलिस मौके पर कैम्प कर रही है।
दो गांवों के बीच जातीय तनाव है। सूत्रों के अनुसार पिछले सोमवार को छेड़खानी के सवाल पर ढेंका और नोनियापुरा गांव के बीच तनाव उत्पन्न हुआ था। छिटपुट झड़प भी हुई थी। जिसे पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया था। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को नोनियापुरा गांव के मजदूर अरियांव से दिहाड़ी कर ऑटो से गांव लौट रहे थे। पहले से घात लगाए बैठे ढेका गांव के युवकों ने छतनवार जाने वाले रास्ते पर मजदूरों की ऑटो से उतार पिटाई कर दी। इसके बाद नोनिया पुरा गांव के लोग मौके पर पहुंचे। फिर दोनों गांवों के लोग लाठी-डंडे और हरवे-हथियार के साथ भिड़ गए।
