सुपौल सहित पड़ोसी देश नेपाल में लगातार बारिश हो रही है। कोसी नदी के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोतरी शुरू है। शनिवार की दोपहर 12 बजे तक 6 लाख 81 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की संभावना है। डीएम कौशल कुमार ने हाई अलर्ट जारी करते हुए कोसी तटबंध के भीतर रह रहे लोगों से बाहर निकलने की अपील की है। बताया जाता है कि कोसी 56 साल का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। कल दोपहर तक 6 लाख 81 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो सकता है।
डीएम ने लोगों से बाढ़ आश्रय स्थल और ऊंचे स्थान पर लोगों से शरण लेने की अपील करने के साथ जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को भी कई अहम निर्देश दिए हैं। कोसी पूर्वी व पश्चिमी तटबंधों पर जगह-जगह अभियंताओं की टीम को मुस्तैदी के साथ निगरानी बरतने को कहा गया है।
अधिकारियों की टीम की पेट्रोलिंग शुरू
निर्मली, वीरपुर व सुपौल सदर अनु मंडल के एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों की टीम भी कोसी पूर्वी और पश्चिमी तटबंधों पर पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। डीएम ने बताया कि शुक्रवार की रात से ही कोसी नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। कल दोपहर 12 बजे तक कोसी नदी का डिस्चार्ज 6 लाख 81 हजार क्यूसेक हो सकता है।
कोसी नदी के जलस्तर में व्यापक बढ़ोतरी से सुपौल, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा सहित कई जिले में भी तबाही मचने की संभावना जताई जा रही है। जल संसाधन विभाग के कोसी डिवीजन में कार्यरत एक अभियंता ने बताया कि कोसी नदी का डिस्चार्ज 6 लाख 81 हजार क्यूसेक होना भारी खतरा का संकेत है। इससे 3-4 जिलों में भारी तबाही मचेगी।
डीएम के हाई अलर्ट और निर्देश के बाद शुक्रवार की देर शाम अनुमंडल कार्यालय निर्मली में एसडीएम संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपातकालीन बैठक बुलाई गई। बैठक में मरौना व निर्मली के बीडीओ, सीओ, अंचल निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान निर्मली एसडीएम ने बाढ़ग्रस्त इलाके के जनप्रतिनिधियों से भी कोसी तटबंध के भीतर रह रहे लोगों को बाहर निकालने की अपील की है। साथ ही निर्मली व मरौना अंचल के अधिकारी व आपदा कर्मियों को भी कई दिशा निर्देश दिए गए है।
