सहरसा में रविवार को जन वितरण प्रणाली के दबंग डीलर ने 35 साल की लाभुक महिला की लाठी से मारकर घायल कर दिया। वहीं जब उनका बेटा बचाने गया तो उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। इससे मां और बेटे दोनों घायल हो गए है। आनन फानन में परिजनों ने दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया है। घटना बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के खजूरी गांव की बताई जा रही है।
घायल महिला की पहचान बिजेंद्र पंडित की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। उनके बेटे का नाम नंदन कुमार है। घटना में वह भी घायल है। जानकारी के अनुसार रविवार को दोनों मां-बेटे डीलर कैलाश यादव के पास अनाज लेने के लिए पहुंचे थे। जहां डीलर ने अनाज नहीं दिया और दोनों के बीच विवाद हो गया।
इस बीच डीलर ने लाभुक महिला को लाठी से पीटकर अधमरा कर दिया। जब बेटा मां को बचाने गया तो उस पर भी लाठी से हमला कर घायल कर दिया। परिजन मंजू देवी ने कहा कि 3 महीने से राशन नहीं मिल रहा है। प्रशासन को डीलर के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। बैजनाथपुर थाना प्रभारी अरमोद कुमार ने कहा कि मारपीट होने की जानकारी मिली है। अभी आवेदन मिला है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
