सहरसा: बिहार के सहरसा से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर तीन नाबालिग लड़कियों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पतरघट थाना क्षेत्र में रविवार को कुछ युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो डालने से परेशान होकर लड़कियों ने यह खतरनाक कदम उठाया। फिलहाल तीनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
रविवार दोपहर की घटना
घटना रविवार दोपहर की है जब तीनों लड़कियां अपने घरवालों से छिपकर खेत में गईं और जहर खा लिया। लड़कियों की तबियत बिगड़ने पर उन्हें पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लड़कियों के परिजनों ने गांव के तीन युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इन युवकों ने मिलकर लड़कियों की फोटो अश्लील गाने के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। इससे परेशान होकर लड़कियों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की।
नाम में RDX जोड़कर फर्जी फेसबुक आईडी
इस घटना में एक लड़की के नाम में RDX जोड़कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई थी और उस पर अश्लील गाने के साथ उसकी फोटो डाली गई थी। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी अभी पंजाब में हैं और उनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि तीनों लड़कियां अलग-अलग परिवार से हैं।
