मधेपुरा के जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इंटर्नशिप के लिए आए छात्रों के साथ मारपीट हुई थी। इस मामले में कॉलेज के 21 छात्रों को 15 दिनों के लिए कक्षा और हॉस्टल निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने पत्र जारी कर जानकारी दिया है। निलंबन अवधि में संस्थान में देखे जाने पर आर्थिक दंड के रूप में 15 हजार रुपए जुर्माना देना होगा।
15 दिनों के बाद अपने-अपने पेरेंट्स के साथ अधोहस्ताक्षरी के समक्ष उपस्थित होकर भविष्य में अनुशासन का पालन करने और नियम के खिलाफ किसी भी प्रकार का काम नहीं करने संबंधी बॉन्ड भरना होगा। यदि इस आदेश की अवहेलना की जाती है या आचरण में कोई सुधार नहीं लाई जाती है तो निलंबन की तिथि में विस्तार करते हुए आर्थिक दंड के साथ-साथ अनुशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी।
सिंहेश्वर थाना में केस दर्ज
घटना को लेकर पीएमजी इंटर्न दानापुर पटना के शुभम सिंह के आवेदन पर सिंहेश्वर थाना में केस दर्ज किया गया है। आवेदन में शुभम सिंह ने कहा है कि वे लोग इंटर्नशिप के लिए बीसीएमआर पटना के निर्देशानुसार जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आए हैं। कॉलेज के प्राचार्य और अधीक्षक के निर्देश पर आवंटित आवास में रहते हुए अपने काम में योगदान दे रहे हैं।
कमरे में घुसकर की तोड़फोड़
मंगलवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अचानक 2020 बैच के छात्रों ने उन लोगों पर हिंसक हमला कर दिया। सभी इंटर्न्स के कमरे में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की गई। इस दौरान महिला इंटर्न के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य दिनेश प्रसाद ने कहा कि घटना को लेकर उन्होंने ही 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। दोनों पक्ष के साथ बैठक की गई है। सभी समस्या का समाधान किया जाएगा।
छात्रों को किया गया निलंबित
हॉस्टल और कक्षा से निलंबित होने वाले छात्रों में 2020 बच के शिवम पांडे, सतीश कुमार, दीपक गुप्ता, आदित्य राज, जीतू कुमार, सुशील कुमार, गुंजन कुमार, इमाम मोहम्मद, उद्देश्य कुमार, आयुष कुमार, सनी कुमार, विशाल कुमार, नसीम अटारी, सत्यम कुमार, कुंदन कुमार, सौरभ कुमार, प्रदुम कुमार, सचिन कुमार, महेश कुमार, अक्षय कुमार, जमन मुशर्रफ शामिल है। सिंहेश्वर थानाध्यक्ष वीरेंद्र राम ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
