Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/बाइक छीनने के दौरान बदमाशों ने मारी गोली, घायल:मधेपुरा में चल रहा इलाज, पेट में फंसी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 14, 2024

MADHEPURA/बाइक छीनने के दौरान बदमाशों ने मारी गोली, घायल:मधेपुरा में चल रहा इलाज, पेट में फंसी गोली


मधेपुरा में बाइक छीनने के दौरान बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक का इलाज जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। गोली उसके नाभि के बगल में लगी है। जानकारी के मुताबिक सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के मोरकाही निवासी सिकेंद्र मेहता का बेटा राजेश कुमार (20) अपने भांजा राजू कुमार के साथ बहन के घर बड़हरा कोठी जा रहा था।

रास्ते में ग्वालपाड़ा से आगे सरौनी में एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनको रुकने का इशारा किया। बाइक रोकने पर बदमाशों ने मधेपुरा जाने का रास्ता पूछा। इसी बीच बाइक के पीछे बैठे एक बदमाश ने हथियार तान दिया और दोनों का मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश बाइक की चाभी भी मांगने लगा। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली चला दी।

पीछे बैठे राजू ने कहा कि उनके ऊपर भी बदमाशों ने फायरिंग की, लेकिन वह खेत की ओर भाग गया था। हल्ला होने पर आसपास के लोगों ने राजेश कुमार को ग्वालपाड़ा पीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा के जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसके पेट के गोली अंदर फंस गई है। बिहारीगंज थानाध्यक्ष अमित रंजन ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।