Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/अपराधियों ने पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस की बाइक और हथियार लूटे, जांच में जुटी पुलिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 9, 2024

BIHAR/अपराधियों ने पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस की बाइक और हथियार लूटे, जांच में जुटी पुलिस


बिहार के गया में रविवार की देर रात बाइक सवार 112 डायल के पुलिस जवान से लूटेरों ने हथियार और बाइक लूट लिए। इस दौरान लूटेरों ने पुलिस को घायल भी कर दिया। घटना की सूचना के बाद गया पुलिस हरकत में आई।
खोजबीन के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर बाइक बरामद कर लिया। लेकिन, पुलिस से लूटे गये हथियार बरामद नहीं हो सके। वारदात के बाद घटनास्थल के सभी इलाकों को सील कर छापेमारी की जा रही है।

पुलिसकर्मी की बाइक और हथियार लूट कर भागे अपराधी 
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि रविवार की रात्रि मानपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने ड्यूटी कर रही पुलिस के साथ लूटपाट की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में स्थित मेहता पेट्रोल पंप के सामने स्थित आरओबी के नीचे बिहार पुलिस की स्पेशल पुलिस डायल 112 (बाइक सवार) के साथ मारपीट कर लूटपाट की गई है। वारदात रविवार की रात्रि 8 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ समेत मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों के भागने की दिशा में छापेमारी शुरू कर दी। साथ ही उस क्षेत्र में पड़ने वाले सभी थाना को सूचना दी गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि दस की संख्या में अपराधी एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे थे। इसी क्रम में गश्ती में रहे डायल 112 (बाइक सवार पुलिस) मौके पर पहुंच गई। डायल 112 के जवानों को देखते ही अपराधी उस व्यक्ति को छोड़ पुलिस वालों पर हमला कर दिया। अपराधियों ने पुलिस वाले को मारपीट कर उनका सरकारी पिस्टल और बाइक लेकर भाग गए। वहीं अपराधियों ने एक पुलिस जवान को मार-पीट कर जख्मी कर दिया।

भागते हुए अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी किये 
सूत्रों की माने तो जाते-जाते अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ चार फायरिंग किये। पुलिस का कहना है कि अपराधियों में से दो भागते समय पास के ट्रांसफार्मर का स्विच काट दिये। नतीजतन पूरे मोहल्ले में अंधेरा हो गया। इस घटना से एक तरफ जहां आम लोगो में दहशत का माहौल है, तो वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन में आफरातफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ सुनील कुमार पाण्डेय ने कहा कि अपराधियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को धर दबोचा जायेगा। वही इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि लूटेरों ने पुलिस जवान के साथ मारपीट कर सरकारी पिस्टल छीन लिया है। कार्रवाई के दौरान वारदात स्थल के आधा किलोमीटर दूर बाइक बरामद कर लिया गया है। वहीं वारदात में शामिल लूटेरों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। वारदात में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।