Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA/आक्रोश: नगर आयुक्त के मुंह पर कालिख पोती - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 17, 2024

SAHARSA/आक्रोश: नगर आयुक्त के मुंह पर कालिख पोती




नगर निगम सहरसा में शुक्रवार को बोर्ड की बैठक हुई। बैठक से सबसे पहले बाहर निकल कर जैसे ही सीढ़ी से नीचे उतरे नगर आयुक्त मुमुक्षु चौधरी को एक वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने मुंह पर कालिख पोत कर आक्रोश जताया।
घटना को देखते हुए कुछ कर्मी द्वारा नगर आयुक्त को लेकर चैंबर चले गए। घटना की जानकारी पर सदर पुलिस भी पहुंची। हालांकि घटना पर नगर आयुक्त द्वारा कुछ भी नहीं बताया गया है और अब तक संबंधित थाने में आवेदन भी नहीं दिया गया है। इधर महापौर ने कहा कि घटना पर कहा कि अगर सही है तो यह बहुत ही अशोभनीय है। वहीं उप महापौर ने कहा हमलोग बैठक में ऊपर सभागार में थे। नीचे क्या हुआ मुझे पता नहीं है।

जानकारी अनुसार लगभग दो बजे नगर निगम सभागार में महापौर बैन प्रिया की अध्यक्षता एवं स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री डा आलोक रंजन व उपमहापौर गुड्डू हयात की उपस्थिति में नगर आयुक्त, नगर उपायुक्त सहित सभी वार्ड पार्षदों की बैठक शुरू हुई। बैठक शाम के लगभग साढ़े पांच बजे तक चली। बैठक में वार्ड पार्षद ने अपने अपने वार्ड में जलजमाव, साफ सफाई नहीं होने सहित जनसमस्याओं के निदान की मांग करने लगे। बैठक में विधायक ने कहा कि नगर निगम के विकास के लिए जो भी बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया जाएगा उसमें मेरा पुरा समर्थन रहेगा। नगर निगम के सभी वार्डों में विकास की जरूरत है। इसलिए आशा करते हैं कि बोर्ड में सही समस्या को रखे ताकि नियमानुसार विकास कार्य हो। महापौर ने भी शांतिपूर्ण तरीके से सभी को अपनी अपनी बातें रखने की सलाह दी। लेकिन कई वार्ड पार्षद काफी उत्तेजित दिखे।

एक पार्षद ने नगर आयुक्त से सवाल करते हुए कहा कि आपने जेएमकेडी को साफ सफाई का जिम्मा दे दिया। लेकिन अब कहीं भी साफ सफाई नहीं हो रही है। घर घर कूड़ा उठाव बंद है। गली मोहल्ले में कचरा पड़ा है। वहीं एक वार्ड पार्षद ने कहा कि एमएलटी कॉलेज समीप व बटराहा में बन रहे कचरा केन्द्र से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर कॉलेज के पास कचरा केन्द्र से उठती बदबू से लोगों को जीना मुहाल हो गया है। जिसके बाद नगर आयुक्त ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश तहत जेएमकेडी को साफ सफाई का जिम्मा दिया गया है। पोर्टल पर रोक लगा दी गई था अब जेम पोर्टल खुल चुका है। नये सिरे से एजेंसी चयन को लेकर जेम पोर्टल पर आवेदन लिया जा रहा है। इसी बीच कई वार्ड पार्षद जमकर एक साथ अपनी अपनी बातें रखने लगे। जिससे माहौल कुछ देर के लिए गर्म हो गया।

जलनिकासी की उठी मांग: नगर निगम में जगह जगह जलजमाव से लोग परेशान हैं। जलजमाव से अब स्थानीय लोग प्रभावित भी होने लगे हैं। इसलिए जरूरत वाले जगहों पर तत्काल राबिश गिराने की जरूरत है। वहीं कुछ पार्षदों ने जलनिकासी समुचित व्यवस्था की मांग की। स्ट्रीट लाइट नहीं जलने की समस्या का भी मामला उठाया गया। स्ट्रीट लाइट खराब है जोचालू हो सकता है। बावजूद मरम्मत नहीं कराई जा रही है।

शाम साढ़े छह बजे तक कई पार्षद जमे रहे नगर निगम में: नगर निगम परिसर में उपमहापौर सहित कई पार्षद और पार्षद प्रतिनिधि देर शाम तक जमे रहे।

इधर घटना को लेकर कई शहर के बुद्धिजीवियों ने कहा कि सही में नगर निगम में विकास नहीं हो रहा है। कीचड़ पानी, रौशनी सहित अन्य समस्या से लोग त्रस्त है। लेकिन पदाधिकारी के साथ इस तरह दुर्व्यवहार निंदनीय है।

घटना की खूब हुई चर्चा, कई पार्षद चुपचाप खिसके : वायरल वीडियो के अनुसार वार्ड 26 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने नगर आयुक्त के मुंह पर कालिख पोत दी और हंगामा करते कहा कि नगर आयुक्त को कमीशन चाहिए। 30 गाड़ी राबिश में 15 गाड़ी कमीशन चाहिए। विकास नहीं हो रहा है। जिसने हमें वोट दिया है वह हमें गाली दे रहा है। घटना को लेकर तुरंत ही चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। शायद नगर परिषद से नगर निगम की पहली इस तरह की बड़ी घटना हुई जिसमें पदाधिकारी के मुंह पर कालिख पोता गया। नीचे घटना के बाद अन्य वार्ड पार्षद प्रतिनिधि, कर्मी की भीड़ व हो हंगामा के बीच पहुंची पुलिस के बीच सभी वार्ड पार्षद सभा भवन से नीचे उतरकर बचकर निकलते रहे।