सहरसा जिले के महिषी थानाक्षेत्र के एना गांव में कोसी नदी किनारे घास काटने गईं तीन सहेलियों में से दो की डूबने से मौत हो गई। तीसरी लड़की के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे। फिर दोनों का शव बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ अनिल कुमार ने मौके पर पहुंच शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों से अपील की। ताकि सरकारी सहायता दी जा सके।
मृतकाओं की पहचान महिषी थानाक्षेत्र के एना वार्ड-11 निवासी जीवछ चौपाल और सुरजी देवी की बेटी करिश्मा कुमारी (13) और वार्ड-10 निवासी संतोष पंडित और ललिता देवी की बेटी आरती कुमारी (15) के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ अनिल कुमार ने बताया कि घटना हुई है, तीन किशोरियां घास काटने गईं थी। इस दौरान पैर फिसलने के कारण उनमें से दो की मौत हो गई। आपदा के तहत जो भी मदद होगी, वह दोनों परिवार को की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि नदी किनारे बच्चों को न जाने दें, बावजूद कुछ लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह की कुछ घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों को जागरूक होने की जरूरत है।
वहीं, गांव में एक साथ दो घरों से दो बच्चियों की अर्थी उठने से गांव में लोगों के बीच शोक की लहर छा गई है। लोगों ने कहा कि कोसी नदी किनारे कटाव हो रहा है और जमीन धंस रहा है। इसके कारण थोड़ी सी भी लापरवाही जान ले रही है।
