मधेपुरा के उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 22 जमुनिया टोला में सोमवार को दिनदहाड़े चोरों ने जयकुमार यादव के घर में घुसकर लगभग पांच लाख रुपए नगद और ज्वेलरी चोरी कर लिया। गृहस्वामी के मुताबिक चोरों ने नगद और ज्वेलरी मिलाकर करीब 8 लाख रुपए के सामान की चोरी की है। बोलेरो से आए चोरों ने सुबह में 9:30 से 10 बजे के बीच इस घटना को अंजाम दिया।
घर के लोगों ने कहा कि जिस वक्त घर में चोरी हुई, उस वक्त कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। घर के लोग मंदिर में पूजा करने गए थे। इस बीच बोलेरो से आए बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के पिछले भाग में मौजूद ग्रिल को तोड़ा और फिर गोदरेज को तोड़कर सारा सामान और नगदी निकाल लिया।
बताया गया कि पीड़ित जयकुमार यादव उदाकिशुनगंज में अल्ट्रासाउंड जांच घर चलाता है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है। उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष ने अभी लिखित आवेदन नहीं दिया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
