Kosi Live-कोशी लाइव Tanishq Showroom Loot: तनिष्क शोरूम लूटकांड में तीन गिरफ्तार, गिरोह के सरगना ने जेल से रची थी साजिश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 31, 2024

Tanishq Showroom Loot: तनिष्क शोरूम लूटकांड में तीन गिरफ्तार, गिरोह के सरगना ने जेल से रची थी साजिश


पूर्णिया। पूर्णिया के लाइन बाजार स्थित तनिष्क शोरूम में शुक्रवार को 3.70 करोड़ के जेवरात की लूट के लिए अपराधियों ने तीन स्तरों पर साजिश रची थी। पुलिस सूत्रों की मानें तो गिरोह के सरगना ने जेल से ही इसकी पूरी प्लानिंग की थी।



इसके बाद इस घटना को अंजाम देने का जिम्मा सात अपराधियों को सौंपा था, जो राज्य के अलग-अलग हिस्सों के थे।

तीसरे स्तर में स्थानीय सहयोगियों ने लुटरों को हर तरह की सुविधा एवं जानकारी उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने तीसरे स्तर के उन तीन लोगों को ढूंढ निकाला है, जिन्होंने लुटेरों की मदद की थी। इसमें बेगूसराय का एक ग्रामीण चिकित्सक भी है। इन तीनों से पूछताछ की, जिसमें इस घटना से जुड़ी हर कलई खुलकर सामने आ गई है।

पुलिस के हत्थे चढ़े तीन आरोपी

तीसरे स्तर के अपराधियों को पकड़ने के बाद पुलिस अब शोरूम लूटने वालों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने बेगूसराय के रहने वाले ग्रामीण चिकित्सक राहुल श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। उसने लूट की घटना में शामिल अपराधियों की मदद की थी। उसके साथ पूर्णिया के जयप्रकाश कालोनी का रहने वाला युवक अभिमन्यु सिंह भी शामिल था। इसके अलावा अररिया के एक आरोपित के भाई को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने खुद की पूछताछ

इन तीनों ने लूट की घटना में शामिल अपराधियों को अररिया में ठहरने के लिए न केवल आवास बल्कि अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई। ग्रामीण चिकित्सक द्वारा अररिया में ठहरे तीनों अपराधियों को आर्थिक मदद करने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है। मंगलवार को पुलिस ने तीन अन्य संदिग्धों को हिरसात में भी लिया। सभी से पूर्णिया एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा और एसटीएफ के अधिकारियों ने कसबा थाने में पूछताछ की।

इसके बाद हिरासत में लिए गए दो लोगों को छोड़ दिया गया। पुलिस अब तक कुल 13 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। इनमें से अब एक ही हिरासत में ही, शेष को छोड़ दिया गया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को पुलिस जेल भेजने की तैयारी में है।

लूटकांड में शामिल अपराधियों को स्थानीय स्तर पर मदद करने के आरोप में एक ग्रामीण चिकित्सक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ एवं जांच में इनके लुटेरों से जुड़े रहने के संबंध में कई साक्ष्य मिले हैं। इसके आधार पर इन तीनों को जेल भेजा जा रहा है। - उपेंद्र नाथ वर्मा, एसपी, पूर्णिया।



-