मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत चौड़ा गांव में अपराधियों ने एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी। घटना रविवार सुबह की है। मृतक की पहचान महेशुआ पंचायत के हनुमान नगर चौड़ा वार्ड संख्या 15 निवासी अनिल कुमार के बेटे अंकित कुमार (18) के रूप में हुई।
हत्या के बाद अपराधियों ने शव को बगल के बांसबाड़ी में फेंका और फरार हो गया। हालांकि अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह अंकित घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बांसबाड़ी में शौच के लिए गया था।
पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। घटना के बाद एक बच्चा बांसबाड़ी होकर दुकान जा रहा था। उन्होंने बांसबाड़ी में शव देख कर शोर मचाया। इसके बाद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और सूचना पुलिस को दी गई।
चाचा कृष्णा कुमार ने बताया कि अंकित इसी साल मैट्रिक परीक्षा पास किया था। वह दो भाई और एक बहन है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद हेड क्वार्टर डीएसपी मनोज मोहन ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। यहां एसएफएल टीम और डॉग स्क्वायर टीम को भी बुलाया गया है। जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
