Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/Watch: 'थोड़ा बढ़ा के दीजिए...', छपरा की घूसखोर सीओ! 500 रुपये के नोट का बंडल लेते वीडियो वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 31, 2024

BIHAR/Watch: 'थोड़ा बढ़ा के दीजिए...', छपरा की घूसखोर सीओ! 500 रुपये के नोट का बंडल लेते वीडियो वायरल


Taraiya CO Shreya Mishra Video Viral: श्रेया मिश्रा छपरा के तरैया प्रखंड में पदस्थापित हैं. उन्होंने वीडियो को लेकर बताया कि यह दो-ढाई साल पुराना है. प्रेशर देने के लिए वायरल किया जा रहा है.



वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर

CO Shreya Mishra Viral Video News: बिहार के सरकारी कर्मी बिना घूस लिए काम नहीं करते हैं ऐसा कई बार आपने सुना होगा. अब इसी से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि छपरा के तरैया प्रखंड की सीओ श्रेया मिश्रा किसी से पैसे ले रही हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि वीडियो कब का और कहां का है इसकी पुष्टि एबीपी न्यूज़ नहीं करता है.

वीडियो में दिख रहा है कि प्रखंड की अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा 500 रुपये के नोट का बंडल ले रही हैं. वीडियो में देने वाले का चेहरा नहीं दिख रहा है. किसी काम को लेकर पैसों के लेनदेन से संबंधित बातें होती हैं. 500 रुपये का बंडल लेते हुए सीओ पूछती हैं कि कितना है तो देने वाले ने बताया 21 (शायद 21 हजार की बात कही जा रही हो) है. इसी तरह दोनों के बीच कुछ-कुछ और बातें होती हैं.

'थोड़ा बढ़ा के दीजिए...'

इसी बीच अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा ने पैसे देने वाले से किसी मामले पर पूछा कि इसका क्या हुआ है? इस पर पैसे देने वाले ने कहा कि 10 (शायद 10 हजार की बात) दिया है. 25 (शायद 25 हजार रुपये) आपका रहेगा. इस पर श्रेया मिश्रा कहती हैं कि थोड़ा बढ़ा के दीजिए. थोड़ा सा भी कर दीजिए. इस पर पैसे देने वाले ने कहा कि हमको कुछ रियात रहेगा तब न. हम लोग तो साथ ही रहेंगे. इस तरह और भी बातें होती हैं.

इस मामले में जब एडीएम अपर समाहर्ता एसएस पांडेय से बात की गई तो उन्होंने छुट्टी पर जाने की बात कह कर कुछ कहने से बचते दिखे. इस मामले में मढ़ौरा अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेरणा सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है.

तरैया की अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा ने क्या कहा?

वायरल वीडियो को लेकर तरैया की अंचलाधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि वह इस संबंध में कुछ नहीं कह सकती हैं. उन्होंने बताया कि पुराना वीडियो है. दो-ढाई साल पहले किसी प्रखंड का है जिसे वायरल किया गया है. प्रेशर देने के लिए वायरल किया जा रहा है. इस मामले में जिलाधिकारी अमन समीर से फोन पर बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया.