मधेपुरा में बुधवार की देर रात एक महिला को अपराधियों ने घर में गोली मार कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान बिहारीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर लालचंद वार्ड चार निवासी पप्पू महतो की 30 साल की पत्नी सीता देवी के रूप में हुई। पुलिस मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतका के देवर मुनचुन महतो ने बताया कि बुधवार की रात दोनों घर में सोए हुए थे। रात करीब 3 बजे पति पेशाब करने के लिए घर से बाहर निकला था। इस दौरान अपराधियों ने घर में घुसकर सिर में गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर जब तक सब पहुंचे तब तक अपराधी फरार हो गए।
आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इधर पुलिस ने जांच के लिए एफएसएल की टीम और डॉग दस्ता को बुलाया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि संदेह के आधार पर मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं गुरुवार को उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि गोली मारकर महिला की हत्या हुई है। इसमें जो भी लोग शामिल है उनको जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
