Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में बड़ी वारदात, मोबाइल लूट के दौरान जेडीयू नेता के बेटे को मारी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 11, 2024

MADHEPURA:मधेपुरा में बड़ी वारदात, मोबाइल लूट के दौरान जेडीयू नेता के बेटे को मारी गोली


बिहार के मधेपुरा जिले में बेखौफ बदमाशों ने जेडीयू नेता करमलाल मेहता के बेटे को गोली मारी दी। घटना रविवार की रात गम्हरिया थाना क्षेत्र के इटवा जीवछपुर गांव की है। बताया गया है कि दीपक कुमार (23 वर्ष) को बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से गोली मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से गोली लगने से घायल दीपक को जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने युवक से पहले तो मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान गोली भी मार दी। वहीं दीपक कुमार के परिजनों ने बताया कि वह घर से पश्चिम नहर की ओर मोबाइल से बात करते हुए जा रहा था। नहर के समीप पहुंचते ही पीछे से दो बाइक पर सवार चार की संख्या में अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया, विरोध करने पर पीछे से गोली मार दी।

गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। इस घटना में गोली दीपक के जांघ और कमर के बीच में लगी है। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। रात में फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे लोगों ने जख्मी युवक को इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इस मामले को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे मधेपुरा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि मामले की तफ्तीश में पुलिस जुटी हुई है। पूछताछ की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।