मधेपुरा के बिहारीगंज पुलिस ने हथियार और जिंदा कारतूस के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों को आर्म्स एक्ट मामले में जेल भेज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। उदाकिशुनगंज व बिहारीगंज थानाध्यक्ष और अरार ओपी अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से गत दिनों बैंक कर्मी से 13 लाख 90 हजार की लूट मामले में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की।
इसी क्रम में बिहारीगंज में एसएच-91 पर तीनमोहानी के समीप चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें सभी युवकों के पास से हथियार एवं जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। बिहारीगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में बिहारीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर वार्ड 12 निवासी छोटू कुमार, बिहारीगंज वार्ड 1 निवासी सोनू कुमार, लक्ष्मीपुर वार्ड 11 निवासी दीपक कुमार एवं कुस्थन वार्ड चार निवासी विपिन कुमार शामिल हैं। इन लोगों के पास से एक देसी मास्केट, दो देसी कट्टा, तीन मोबाइल व नौ जिंदा कारतूस बरामद किया गया। सभी अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
क्या कहते हैं अधिकारी
उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि बैंक कर्मी से 13.90 लाख लूट मामले में बिहारीगंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों युवकों को संदिग्ध माना जा रहा था। लेकिन इस कांड में संलिप्तता नहीं पाई गई। लूट मामले में लगातार अनुसंधान व कार्रवाई की जा रही है।
